कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

बकरीद को लेकर कानपुर देहात में हाई अलर्ट: एडीजी जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने खुद संभाली कमान, अकबरपुर में किया पैदल गश्त

कोतवाली में कमिश्नर और डीआईजी संग की हाईलेवल मीटिंग, अराजक तत्वों पर पैनी नजर और कानून-व्यवस्था सख्त रखने के दिए कड़े निर्देश

कानपुर देहात। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कानपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को एडीजी जोन कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने खुद धरातल पर उतरकर कमान संभाली। उन्होंने जनपद कानपुर देहात के कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र के अतिसंवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

आम जनता से संवाद कर जाना हाल, दिए निर्देश

एडीजी जोन ने भ्रमण के दौरान सड़कों पर आमजन और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याओं और सुरक्षा संबंधी सुझावों को बेहद गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद मातहत अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। एडीजी ने साफ कहा कि त्योहारों के मद्देनजर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कोतवाली में हाईलेवल गोष्ठी, खींची गई सुरक्षा की रूपरेखा

पैदल गश्त के बाद कोतवाली अकबरपुर में एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस हाईलेवल बैठक में कानपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) श्री हरीश चन्दर सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। गोष्ठी के दौरान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, वांछित और शातिर अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी, बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।

महिला सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द पर विशेष जोर

एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने पुलिस बल की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कड़े निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान प्रभावी गश्त और मुस्तैदी बढ़ाई जाए, ताकि सांप्रदायिक सौहार्द हर हाल में कायम रहे। उन्होंने महिला सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए ‘मिशन शक्ति अभियान’ और थानों में स्थापित ‘महिला हेल्प डेस्क’ की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी व संवेदनशील बनाने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ पुलिस बेहद कठोरता से निपटेगी।

Related Articles

AD
Back to top button