बड़ी खबर:उत्तर प्रदेश में मानव संपदा पोर्टल पर उपस्थिति लॉक करने की तारीख बढ़ी, अब 27 जुलाई तक मिलेगा मौका
बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए एक राहत भरी खबर है

लखनऊ/कानपुर देहात। बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए एक राहत भरी खबर है। विभाग ने मानव संपदा पोर्टल पर कर्मचारियों की उपस्थिति लॉक करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। अब जिले स्तर पर जुलाई माह की उपस्थिति 27 जुलाई 2026 तक लॉक की जा सकेगी। यह आदेश शिक्षा निदेशक (बेसिक) अनिल भूषण चतुर्वेदी द्वारा जारी किया गया है।
तकनीकी दिक्कतों के चलते लिया गया फैसला-
बेसिक शिक्षा विभाग में हर महीने की 24 तारीख को मानव संपदा पोर्टल पर उपस्थिति लॉक करने की अंतिम तिथि निर्धारित होती है हालांकि इस बार विभिन्न जनपदों से यह शिकायतें आ रही थीं कि पोर्टल पर गंभीर तकनीकी समस्याएं आ रही हैं। इस तकनीकी खराबी के कारण न तो कर्मचारियों की उपस्थिति लॉक हो पा रही थी और न ही पोर्टल से जुड़े अन्य जरूरी कार्य पूरे हो पा रहे हैं। इसी को देखते हुए विभाग ने अंतिम तिथि को बढ़ाकर 27 जुलाई 2026 कर दिया है। कानपुर देहात के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने बताया कि मानव संपदा पोर्टल पर तकनीकी समस्या की वजह से शिक्षकों को उपस्थिति दर्ज करने में दिक्कतें आ रही हैं। जिस कारण शासन द्वारा अंतिम तिथि को बढ़ाकर 27 जुलाई किए जाने से शिक्षकों को बड़ी राहत मिलेगी। जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है कि इस बढ़ी हुई समयावधि का लाभ उठाते हुए तय समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत कर्मियों की अटेंडेंस लॉक कराना सुनिश्चित करें। अंतिम तिथि बीतने के बाद किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने या कार्य अधूरा रहने पर संबंधित के खिलाफ सख्त विभागीय कार्यवाही की जाएगी।



