सड़क सुरक्षा माह: ड्राइविंग स्कूलों पर परिवहन विभाग का छापा, खामियां मिलने पर थमाया नोटिस
नंबर प्लेट, हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमों के उल्लंघन पर कुल 65 चालान।

कानपुर देहात: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत कानपुर देहात के परिवहन विभाग ने आज जनपद में संचालित मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्कूलों में मानक के अनुरूप व्यवस्थाएं न मिलने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों ने स्कूलों में साफ-सफाई की कमी, पहचान बोर्ड का नियमतः न लगा होना और अभिलेखों के रख-रखाव में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नियमों की अनदेखी पर 65 वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
निरीक्षण के साथ-साथ परिवहन विभाग ने सड़कों पर प्रवर्तन की बड़ी कार्यवाही भी की। जांच के दौरान नंबर प्लेट की खामियों के कारण 17 वाहनों, क्षमता से अधिक माल ढोने (ओवरलोडिंग) पर 2 वाहनों और बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के वाहन चलाने वाले 39 चालकों के विरुद्ध चालान की कार्यवाही की गई। इसके अतिरिक्त, कर बकाया और अनधिकृत रूप से संचालित हो रहे 7 वाहनों को निरुद्ध किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाना और चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करना है।



