उत्तरप्रदेश

बारिश से ढही दीवारें, मलबे में दबकर एक ही परिवार के चार लोगों समेत सात ने दम तोड़ा

लगातार हो रही बारिश के बीच अब दीवारें दरकनी शुरू हो गईं हैं। बुधवार की सुबह जिले में अलग-अलग स्थानों पर दीवार गिरने की घटनाओं में सात लोगों की जान चली गई।

सीतापुर। लगातार हो रही बारिश के बीच अब दीवारें दरकनी शुरू हो गईं हैं। बुधवार की सुबह जिले में अलग-अलग स्थानों पर दीवार गिरने की घटनाओं में सात लोगों की जान चली गई। मानपुर में तो एक ही परिवार के चार सदस्यों ने दम तोड़ा। सूचना पाकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

दादी, पोते व नातिन ने तोड़ा दम

ब्लाक कसमंडा की ग्राम पंचायत कल्यानपुर के मजरा लक्षिमनपुर निवासी हरीश के कच्चे घर की दीवार रात करीब 2:45 बजे गिर गई। दीवार गिरने से कच्चे कमरे की छत भी बैठ गई। दीवार के समीप सो रहीं हरीश की मां लल्ली, उनके दो बेटे आठ वर्षीय शैलेन्द्र व 12 वर्षीय शिवा और उनकी बहन की लड़की महक दीवार के मलबे में दब गई। दीवार के नीचे दबने से सभी की मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल भी हुए। घायल सुमन (25) व शिवानी (10) को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मामले की सूचना पाकर तहसीलदार सिधौली आरपी सिंह के अलावा मानपुर व खैराबाद की पुलिस भी मौके पर पहुंची है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गांव में मातम का माहौल है। आसपास गांवों के ग्रामीण भी मौके पर जमा हो रहे हैं। पुलिस ने मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी शुरू कर दी है। लक्षिमनपुर में हुई घटना के संबंध में एसडीएम सिधौली संतोष राय ने बताया कि, मामला दैवीय आपदा का है। पूरी टीम मौके पर है।

jagran

दीवार के नीचे दबकर दंपती की मौत

सदरपुर इलाके के गांव बिलौली नानकारी में दीवार के नीचे दबने से दंपती की मौत हो गई। गांव निवासी राम लोटन और उनकी पत्नी अनीता रात में सो रहे थे। इसी दौरान दीवार गिर गई और दोनों उसके नीचे दब गए। ग्रामीण जब तक उन्हें बाहर निकलते दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और कार्रवाई शुरू की। वहीं सदरपुर इलाके के गांव महरिया निवासी बुजुर्ग श्रीकृष्ण मौर्य की मौत भी दीवार के नीचे दबने से मौत हो गई। बुजुर्ग श्रीकृष्ण सो रहे थे, उसी समय दीवार गिर गई। दोनों गांवों में कोहराम मच हुआ है।

डीएम बोले, मृतकों के परिवार जन को दी जाएगी आर्थिक सहायता

डीएम विशाल भारद्वाज के मुताबिक जिले में तीन स्थानों पर दीवार गिरने की घटनाएं हुईं हैं। इनमें 7 लोगों की मौत हुई है जबकि 3 घायल हुए हैं। एक घायल को अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। दो का इलाज चल रहा है। डीएम के मुताबिक मृतकों के परिवार जन और घायलों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Print Friendly, PDF & Email
AMAN YATRA
Author: AMAN YATRA

SABSE PAHLE

Related Articles

AD
Back to top button