कानपुर देहात: गौरी रतनपुर के ग्राम सचिवालय के पीछे चल रहा था जुआ, 8 जुआरी गिरफ्तार
राजपुर पुलिस ने 22 हजार कैश, 8 मोबाइल और 2 गाड़ियां कीं बरामद, एक आरोपी मौके से फरार

कानपुर देहात: जनपद की राजपुर थाना पुलिस ने अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर गौरी रतनपुर गांव स्थित ग्राम सचिवालय के पीछे जुआ खेल रहे 8 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका एक साथी मौके से भागने में सफल रहा।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जितेंद्र कुमार (42), रोहित कुमार (20), विमल सिंह (41), आलोक सिंह (43) निवासीगण सिकंदरा (कानपुर देहात) और मनीष (19), राजकुमार सिंह (32), अर्जुन सिंह (32), जयवीर सिंह (31) निवासीगण जालौन जनपद के रूप में हुई है। वहीं, अमराहट थाना क्षेत्र के अरसुन गांव निवासी उमेश यादव पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
तलाशी और मौके से पुलिस को कुल 22,000 रुपये नकद (12,200 रुपये मालफड़ और 9,800 रुपये जामा तलाशी से), 8 मोबाइल फोन, 52 ताश के पत्ते, एक जली मोमबत्ती, एक लाइटर और दो चार पहिया वाहन (बोलेरो व ब्रेजा) बरामद हुए हैं। गाड़ियों को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
उपनिरीक्षक गुरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने सभी के खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी जयवीर सिंह और आलोक सिंह पूर्व में भी जुआ अधिनियम के तहत जेल जा चुके हैं। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।



