पानी की टंकी पर मारपीट और फिर… कानपुर देहात में पुलिस ने आधी रात को घेराबंदी कर दबोचे 5 शातिर, बरामदगी देख उड़ गए होश!
आरोपियों के कब्जे से चोरी की 18 बैट्री, 9 इन्वर्टर, 2 ईको कार, 3 अवैध तमंचे, 6 जिंदा कारतूस और 6 मोबाइल बरामद।
कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अकबरपुर थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम को एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान ग्राम जगजीवनपुर बम्बा सड़क से 5 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जो ग्रामीण इलाकों में पानी की टंकियों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके पास से चोरी का भारी माल और अवैध असलहे बरामद किए हैं।
पानी की टंकी पर मारपीट कर की थी लूटपाट इस मामले की शुरुआत 1 जून 2026 को हुई थी, जब अकबरपुर थाने में कमीर निवासी साजिद अली पुत्र खालिक अली ने एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के मुताबिक, 30 मई 2026 की रात अज्ञात चोरों ने बाबा सागर स्थित पानी की टंकी पर धावा बोला था। वहां मौजूद लोगों से मारपीट कर चोर टंकी पर लगी कीमती बैटरियां और इन्वर्टर लूट ले गए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी।
घेराबंदी कर पकड़े गए 5 शातिर अपराधी अकबरपुर पुलिस और स्वाट-सर्विलांस की टीमें लगातार इन बदमाशों का सुराग लगाने में जुटी थीं। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि घटना में शामिल बदमाश चोरी की बैटरियों को बेचने के लिए कानपुर नगर की तरफ जाने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए जगजीवनपुर बम्बा मार्ग पर चेकिंग तेज कर दी। कुछ ही देर में पुलिस ने संदिग्ध हालात में आ रही दो ईको कारों को रोककर 5 अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान अनुज यादव पुत्र मुन्नू सिंह निवासी बैजूपुरवा रूरा, पुष्पेंद्र कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी रोशनमऊ रूरा, गौरव सिंह उर्फ भानुप्रताप पुत्र महेंद्र सिंह निवासी इकघरा रूरा, विपिन पुत्र सुनील कुमार निवासी इकघरा रूरा और रामचंद्र पुत्र अशोक यादव निवासी जरैलापुर अकबरपुर के रूप में हुई है।
अवैध असलहे और दो कारें बरामद पुलिस ने जब पकड़े गए आरोपियों की तलाशी ली, तो उनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और चोरी का सामान बरामद हुआ। आरोपियों के पास से 3 अवैध तमंचे 315 बोर और 6 जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा, चोरी की वारदातों में इस्तेमाल होने वाली 2 ईको कारें, अलग-अलग कंपनियों के 6 मोबाइल फोन, चोरी की 18 बैटरियां और 9 इन्वर्टर बरामद किए गए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे गांवों के बाहर बनी पानी की टंकियों और सोलर पैनलों को निशाना बनाते थे और सामान बेचकर मोटी रकम कमाते थे।
अपराधिक इतिहास और पुलिस टीम पकड़े गए आरोपियों में से कई का पुराना आपराधिक इतिहास भी है। आरोपी विपिन और रामचंद्र के खिलाफ पहले से ही रूरा और अकबरपुर थानों में मारपीट, गाली-गलौज और एससी-एसटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इस शानदार कामयाबी को हासिल करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हरमीत सिंह थाना अकबरपुर, प्रभारी निरीक्षक एसओजी प्रवीन यादव, प्रभारी सर्विलांस उपनिरीक्षक जय प्रकाश शर्मा, उपनिरीक्षक राम किशुन वर्मा, उपनिरीक्षक आनंद वीर सिंह सोलंकी, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह चौहान, उपनिरीक्षक शोभित कटियार सहित भारी पुलिस बल शामिल रहा। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।



