भाजपा को बड़ा झटका: पूर्व जिला उपाध्यक्ष अवधेश कोरी सैकड़ों समर्थकों संग बसपा में शामिल
पूर्व MLC नौशाद अली ने दिलाई पार्टी की सदस्यता।

कानपुर: उत्तर प्रदेश की राजनीति में दलबदल का सिलसिला तेज हो गया है। आज बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के निर्देशों पर कानपुर में बसपा ने भाजपा के किले में बड़ी सेंधमारी की है। भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष (कानपुर ग्रामीण) और बिलहन-शिवराजपुर के पूर्व जिला पंचायत सदस्य अवधेश कोरी ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में उनके साथ युवा पाल महासभा के जिला महामंत्री राजेश पाल ने भी बसपा का दामन थाम लिया। बसपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व MLC नौशाद अली ने अवधेश कोरी को पार्टी का नीला पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। बदले में अवधेश कोरी ने नौशाद अली को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
राजनीतिक गलियारों में इस बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि अवधेश कोरी क्षेत्र के प्रभावशाली नेता और प्रधानाचार्य भी हैं। उनके बसपा में आने से पार्टी को कानपुर मंडल, विशेषकर कोरी और पाल समाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में मदद मिलेगी।
ये भी पढे- कानपुर देहात: दुष्कर्म के दोषी को 20 वर्ष का कठोर कारावास, न्यायालय ने सुनाई सजा


