मजदूरों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में सपाईयों का हल्लाबोल, कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा
नोएडा में मजदूरों के हक की आवाज उठाने पर 400 श्रमिकों और एक वरिष्ठ पत्रकार पर दर्ज हुए मुकदमों के विरोध में आज समाजवादी पार्टी ने प्रदेशव्यापी आह्वान पर कानपुर देहात के जिला मुख्यालय माती में जोरदार प्रदर्शन किया

कानपुर देहात। नोएडा में मजदूरों के हक की आवाज उठाने पर 400 श्रमिकों और एक वरिष्ठ पत्रकार पर दर्ज हुए मुकदमों के विरोध में आज समाजवादी पार्टी ने प्रदेशव्यापी आह्वान पर कानपुर देहात के जिला मुख्यालय माती में जोरदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के निर्देशानुसार, जिला अध्यक्ष चौधरी सरनाम सिंह श्रमिक के नेतृत्व में पूर्व विधायक मिथिलेश कटियार, राष्ट्रीय महासचिव यादवेंद्र प्रताप सिंह दीपू और अकील खान सहित सैकड़ों पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति व राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि मजदूरों पर दर्ज फर्जी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं, उनकी मासिक मजदूरी सुनिश्चित की जाए और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा करते हुए उनके अधिकारों को ईमानदारी से दिया जाए; साथ ही नेताओं ने चेतावनी दी कि समाजवादी लोग मजदूर, किसान और नौजवानों की ताकत को कमजोर नहीं होने देंगे और न्याय न मिलने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



