मूसानगर में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत,परिजनों में मचा कोहराम
कानपुर देहात में एक सड़क हादसा सामने आया है।मूसानगर थाना क्षेत्र के नयापुरवा गांव के पास मुगल रोड पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई।ट्रक ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी

- पुलिस कार्यवाही में जुटी
पुखरायां।कानपुर देहात में एक सड़क हादसा सामने आया है।मूसानगर थाना क्षेत्र के नयापुरवा गांव के पास मुगल रोड पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई।ट्रक ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।राहगीरों ने उसे उपचार के लिए पुखरायां सीएचसी में भर्ती कराया।जहां मौजूद चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान पुखरायां कस्बे के कृष्णा नगर मंडी समिति निवासी 50 वर्षीय आनंद विकास के रूप में हुई है।मृतक की पत्नी सुमन देवी ने बताया कि उनके पति आनंद विकास शुक्रवार को भैमरगांव किसी काम से गए थे।देर शाम वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़ मौके से फरार हो गया।पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।मृतक की पत्नी सुमन देवी,पुत्र देवराज समेत अन्य परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।थाना प्रभारी कालीचरन कुशवाहा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।फरार चालक की तलाश की जा रही है।तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



