कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: सीडीओ विधान ने ग्राम पंचायत बारा में ग्राम चौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

पात्र व्यक्तियों का सत्यापन कर उन्हें योजनाओं से आच्छादित करने में पूर्ण पारदर्शिता एवं तत्परता बरती जाए: मुख्य विकास अधिकारी

कानपुर देहात: मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा आज विकासखंड अकबरपुर के ग्राम बारा में “ग्राम चौपाल–गांव की समस्या, गांव में समाधान” कार्यक्रम का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने पेयजल, सड़क, विद्युत, आवास, पेंशन, राशन कार्ड, मनरेगा भुगतान सहित विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों से मुख्य विकास अधिकारी को अवगत कराया।

मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।

श्री जायसवाल ने चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि पात्र लाभार्थी प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय योजना, वृद्धावस्था/विधवा/दिव्यांग पेंशन योजना, मनरेगा, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन योजना), स्वच्छ भारत मिशन तथा अन्य विकासपरक योजनाओं का लाभ अवश्य प्राप्त करें।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र व्यक्तियों का सत्यापन कर उन्हें योजनाओं से आच्छादित करने में पूर्ण पारदर्शिता एवं तत्परता बरती जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब ग्रामीण जागरूक हों। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को अभियान चलाकर पूरा किया जाए तथा मनरेगा सहित अन्य विकास कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए। इसके लिए कार्यस्थलों पर सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि ग्रामीणों को कार्यों की जानकारी मिलती रहे।

मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम में संचालित विकास कार्यों की प्रगति, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क की स्थिति, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली तथा कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर साफ-सफाई एवं जनसहभागिता बढ़ाने पर विशेष बल देते हुए ग्रामीणों से गांव को स्वच्छ एवं विकसित बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।

ग्राम चौपाल के अवसर पर सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारीगण, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़े-  पुलिस अधीक्षक श्रद्ध नरेंद्र पांडे ने प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों से किया विशेष संवाद, समस्याएं सुन किया मार्गदर्शन 

Related Articles

AD
Back to top button