यूपी के इन जिलों में अचानक मौसम बदलने का अलर्ट, तेज आंधी के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने जारी किया तत्कालीन पूर्वानुमान, 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए तत्कालीन पूर्वानुमान (नाउकास्ट) जारी किया है। भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अंतर्गत भारत मौसम विज्ञान विभाग (मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ) द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, अगले कुछ घंटों में प्रदेश के कई जिलों में अचानक मौसम करवट ले सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है, जिससे लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।
इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार, सोनभद्र, मिर्ज़ापुर, चंदौली, वाराणसी, ग़ाज़ीपुर, बलिया, चित्रकूट, महोबा, बांदा, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, कानपुर नगर, झांसी, इटावा, आज़मगढ़, मऊ, अंबेडकर नगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, कन्नौज, हरदोई, बहराइच, गोंडा, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, गौतम बुद्ध नगर और गाज़ियाबाद जिलों तथा उनके आसपास के क्षेत्रों में मौसम में यह बदलाव देखने को मिलेगा।
तेज हवाओं और बिजली चमकने की चेतावनी
मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार, इन चिन्हित जिलों में हल्की आंधी (लाइट थंडरस्टॉर्म) आने की प्रबल संभावना है। इस दौरान बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। विभाग ने स्थानीय नागरिकों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है, विशेष रूप से खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे आश्रय लेने से बचने को कहा गया है।



