रसूलाबाद के ग्रामीणों को मिली सौगात: रोडवेज बसों से कानपुर और अकबरपुर का सफर हुआ आसान
उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने रसूलाबाद क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी राहत देते हुए माती मुख्यालय से नारखुर्द वाया रूरा, बानीपारा एवं मिंडाकुआं और नारखुर्द से कानपुर वाया मिंडाकुआं, रसूलाबाद के लिए रोडवेज बस सेवाएं शुरू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

- माती और विकास नगर डिपो से नारखुर्द के लिए नई बस सेवाएं शुरू, ग्रामीणों में खुशी की लहर
रसूलाबाद (कानपुर देहात)। उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने रसूलाबाद क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी राहत देते हुए माती मुख्यालय से नारखुर्द वाया रूरा, बानीपारा एवं मिंडाकुआं और नारखुर्द से कानपुर वाया मिंडाकुआं, रसूलाबाद के लिए रोडवेज बस सेवाएं शुरू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। विभाग के सर्वे के अनुसार, इन नई बस सेवाओं से सैकड़ों ग्रामीणों का कानपुर नगर और अकबरपुर माती मुख्यालय से सीधा संपर्क स्थापित हो गया है, जिससे उनका सफर अब बेहद आसान और सुविधाजनक हो गया है।
अभी तक नारखुर्द से मिंडाकुआं, झींझक से रूरा और अकबरपुर तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को डग्गामार वाहनों का इंतजार करना पड़ता था, जिसमें अधिक समय और अधिक किराया लगने के साथ-साथ असुरक्षा का खतरा भी बना रहता था। आलम यह था कि कानपुर और अकबरपुर पहुंचने से ज्यादा मुश्किल मानो दिल्ली पहुंचना था।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा मिली इस सौगात से जनपद के निर्धारित रूट के ग्रामीणों में खासा उत्साह और खुशी का माहौल है। आज, 5 मई को जैसे ही विकास नगर डिपो और माती डिपो की बसें नारखुर्द पहुंचीं, ग्रामीणों ने फूलों की मालाओं से बसों को सजाकर उनका भव्य स्वागत किया। हरी अवस्थी, इसरार मोहम्मद, मोहोर सिंह यादव, चंदन तिवारी, बबलू शास्त्री, रामबाबू कुशवाहा, मयंक तिवारी, शोभित अवस्थी, नीरज तिवारी, मोहम्मद नदीम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बस चालक और परिचालक को माला पहनाकर हृदय से अभिनंदन किया।
नई सेवाओं के तहत, माती डिपो से नारखुर्द वाया मुंडाकुआं का किराया 12 रुपये, बानीपारा का 32 रुपये, रूरा का 37 रुपये और अकबरपुर माती का 67 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, नारखुर्द से सप्ताह में एक दिन चित्रकूट और प्रतिदिन अकबरपुर माती के लिए बस सेवा उपलब्ध रहेगी। विकास नगर डिपो से प्रतिदिन नारखुर्द से कानपुर के लिए सीधी बस सेवा शुरू की गई है। आज, दोनों डिपो से दो दर्जन से अधिक यात्रियों ने निर्धारित सरकारी किराए पर कानपुर और अकबरपुर के लिए अपनी यात्रा शुरू की, जिससे क्षेत्र में परिवहन की एक नई युग की शुरुआत हुई है। ग्रामीणों ने परिवहन विभाग के इस सराहनीय कदम की जमकर प्रशंसा की है।



