रसूलाबाद में बस हेल्पर का संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला शव
आत्महत्या की आशंका,पुलिस जांच में जुटी

कानपुर देहात में एक दर्दनाक घटना सामने आई है।रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के झींझक रसूलाबाद मार्ग पर दशहरा गांव के पास बुधवार शाम एक बस हेल्पर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक पेड़ से लटका मिला।सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की।पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान इटावा जिले के करपिया उरैग निवासी 21 वर्षीय रंजीत कुमार के रूप में हुई है।वह भिवाड़ी जाने वाली डबल डेकर ट्रैवल्स की बस में हेल्पर था।बताया जा रहा है कि बस रोजाना पेट्रोल पंप के पास स्थित धीरेंद्र सिंह के ढाबे पर खड़ी होती थी।बुधवार शाम करीब पांच बजे स्थानीय लोगों ने नमस्ते इंडिया के समीप एक खेत के किनारे पेड़ से शव लटका देखा।घटना की सूचना ग्राम प्रधान अर्जुन सिंह ने पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही नारखास चौकी प्रभारी शिवबहादुर सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचकर जांच की।उन्होंने मृतक के पास से मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान कर सूचना परिजनों को भेजी।फोरेंसिक टीम को सूचना भेजी गई।सूचना मिलने पर फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।उपनिरीक्षक शिवबहादुर ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।वरिष्ठ उप निरीक्षक रामसिंह ने बताया कि प्राथमिक छानबीन में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है।
आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है।परिजनों के आने के पश्चात शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।



