राजपुर में लकड़ी कारीगर के घर में लगी आग,लाखों रुपए की नगदी जेवरात व गृहस्थी का सामान जलकर राख
कानपुर देहात के राजपुर कस्बे के पटेल नगर में एक लकड़ी कारीगर के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से लाखों रुपए की नगदी,जेवरात और घर का सामान जलकर राख हो गया।सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन ने मौके पर जांच की

- तहसील प्रशासन जांच में जुटा
पुखरायां।कानपुर देहात के राजपुर कस्बे के पटेल नगर में एक लकड़ी कारीगर के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से लाखों रुपए की नगदी,जेवरात और घर का सामान जलकर राख हो गया।सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन ने मौके पर जांच की।आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।पीड़ित हरिकृष्ण शर्मा ने बताया कि उनकी राजपुर कस्बे में फर्नीचर की दुकान है।शनिवार को जब वह दुकान पर थे और उनकी पत्नी हेमा शर्मा बच्चों के साथ घर पर अकेली थीं।इसी दौरान घर में अचानक आग लग गई।देखते ही देखते आग ने बिकराल रूप ले लिया।आग की लपटों ने घर में रखी आलमारी को भी अपनी चपेट में ले लिया।जिससे आलमारी में रखे दो लाख 65 हजार रूपये नगदी समेत सोने चांदी के जेवरात और गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।उन्होंने बताया कि 9 फरवरी को उनकी छोटी बहन अनीता की शादी होनी है और घर में शादी की तैयारियां चल रहीं थीं।उन्होंने हाल ही में 65 हजार रुपए की एक भैंस बेची थी और शादी में दान दहेज के लिए 2 लाख रुपए रखे थे जो सब जलकर राख हो गए।मोहल्ले के लोगों ने चीख पुकार सुन घरों और सब मर्सिबल से पानी लाकर कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।घटना की सूचना मिलने पर रविन्द्र शुक्ला ने मौके पर क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजी।उपजिलाधिकारी सिकंदरा प्रदुम्न कुमार ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजकर क्षति की रिपोर्ट मांगी गई है।आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।



