कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

रूरा पुलिस का बड़ा एक्शन: टावर से बैटरी चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, पिकअप और अवैध असलहा बरामद

गिरोह के कब्जे से पिकअप वाहन और 20,850 रुपये की नकदी बरामद।

कानपुर देहात। जनपद में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत रूरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मोबाइल टावर से भारी मात्रा में बैटरी चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन, नकदी और अवैध तमंचा बरामद किया गया है।

टावर में सेंधमारी और पुलिस की कार्यवाही

बीते 10 मार्च 2026 को जालौन निवासी स्वर्ण सिंह ने रूरा थाने में तहरीर दी थी कि ग्राम इंजुआरामपुर रेलवे अंडरपास के पास स्थित मोबाइल टावर से अज्ञात चोरों ने 144 बैटरियां चोरी कर ली हैं। पुलिस ने इस मामले में सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार तड़के करीब 04:00 बजे मुखबिर की सटीक सूचना पर रूरा पुलिस ने अमौली ठाकुरान चौराहा के पास घेराबंदी की और दो संदिग्धों को एक पिकअप लोडर के साथ दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान नरेन्द्र चौहान निवासी विजयनगर गजनेर और अमन कटियार निवासी रानीपुर हरिहरपुर सिकन्दरा के रूप में हुई है।

बरामदगी और पूछताछ में खुलासे

गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस को चोरी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, आला नकब, रिंच पाना, कटर, एक अवैध तमंचा, कारतूस, 20,850 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पूछताछ में मुख्य अभियुक्त नरेन्द्र चौहान ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों शिवम यादव और अमित कुशवाहा के साथ मिलकर टावर से बैटरियां चोरी की थीं, जिन्हें नबीपुर फैक्ट्री एरिया में बेच दिया गया था। वहीं पिकअप ड्राइवर अमन कटियार ने बताया कि उसे टावर का सामान ढोने के बदले 15,000 रुपये अतिरिक्त देने का लालच दिया गया था जिसके कारण वह इस गिरोह में शामिल हो गया।

शातिर अपराधी है नरेन्द्र चौहान

पुलिस के अनुसार पकड़ा गया नरेन्द्र चौहान एक शातिर अपराधी है जिस पर रनियां, भोगनीपुर और रूरा थानों में चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button