कानपुर देहात में तेज रप्तार ट्रैक्टर की टक्कर से किशोर की मौत,परिजनों में मचा कोहराम
पुलिस कार्यवाही में जुटी
कानपुर देहात के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के बिषधन रोड पर मंगलवार दोपहर करीब 1.30 बजे सड़क हादसे में किशोर की मौत हो गई।मृतक की पहचान 15 वर्षीय मयंक के रूप में हुई है।वह ठेलिया लगाकर चूड़ी बेचने जा रहा था,तभी एक तेज रप्तार ट्रैक्टर से उसे टक्कर मार दी।
जानकारी के मुताबिक रहीम नगर वार्ड नंबर 3 निवासी मयंक 15 वर्ष पुत्र कमल कुमार प्रतिदिन की भांति चूड़ियां बेचने निकला था।बिषधन रोड पर राजावत गेस्ट हाउस के पास रसूलाबाद की तरफ से आ रहे एक तेज रप्तार ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में मयंक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।पुलिस ने ट्रैक्टर व उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।पुलिस की सहायता से शव को रसूलाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।जहां मौजूद चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया।उपनिरीक्षक प्रमोद दीक्षित ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।मृतक के पिता कमल कुमार ने बताया कि उनके तीन पुत्र हैं।बड़ा बेटा विशाल 20 वर्ष गंभीर बीमारी से पीड़ित है और उसका कानपुर में इलाज चल रहा है।दूसरा बेटा आकाश 17 वर्ष घर पर रहता है।मयंक ही परिवार का भरण पोषण करता था।मयंक की मां गोमती भी बीमार हैं और उनका भी उपचार जारी है।कमल कुमार स्वयं राजगीरी का काम करते हैं लेकिन अस्वस्थता के कारण नियमित रूप से काम नहीं कर पाते हैं।
ऐसे में मयंक ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।एस एस आई रामसिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।हादसे में शामिल ट्रैक्टर व उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है।अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।



