नौबादपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उठाया लाभ
ग्रामीणों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं, महिलाओं को पोषण और स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक

कानपुर देहात। महिमा सामाजिक सेवा संस्था एवं पेट्रोनेट के सहयोग से 16 अगस्त 2026 को ग्राम नौबादपुर के पंचायत घर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक करना रहा।शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और उचित मार्गदर्शन भी प्रदान किया। विशेष रूप से महिलाओं के स्वास्थ्य, एनीमिया, पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को बीमारियों की समय रहते पहचान, बचाव और उपचार के महत्व की जानकारी दी। शिविर में डॉ. दीक्षा सचान, डॉ. विशाल सचान, आकाश कुमार, शिवम गौतम, डॉ. साक्षी देवी और अनुज गुप्ता सहित अन्य लोगों ने सहयोग प्रदान किया। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना और लोगों को समय पर जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना शिविर का प्रमुख उद्देश्य है। इस तरह के आयोजनों के माध्यम से ग्रामीणों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार सहित ग्रामीणों ने स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए महिमा सामाजिक सेवा संस्था एवं पेट्रोनेट का आभार जताया। ग्रामीणों ने भविष्य में भी इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई।



