श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से दो की मौत, 12 लोग गंभीर
औरैया में बीझलपुर अयाना मार्ग पर सडरापुर मोड़ के पास हादसा हुआ है। ट्रैक्टर-ट्राली सवार जालौन में देवी मंदिर में दर्शन पूजन के बाद लौट रहे थे। पुलिस ने पांच गंभीर घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा है।
औरैया,अमन यात्रा। नवरात्र की सप्तमी पर जालौन देवी मंदिर से दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली बीझलपुर अयाना मार्ग पर सडरापुर मोड़ के पास पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग घायल हुए हैं। घायलों में पांच की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, उन्हें सैफई अस्पताल रेफर किया गया है। अयाना थाना पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराने के साथ हादसे की पड़ताल शुरू की है।
नवरात्र पर अयाना थाना क्षेत्र के नवादा ज्वाला प्रसाद गांव से तीन ट्रैक्टर ट्राली से करीब 20 परिवारों के लोग देवी दर्शन के लिए जालौन जिला गए थे। जालौन में देवी मंदिर से पूजन करके सभी गांव लौट रहे थे। सुबह करीब नौ बजे रास्ते में एक दूसरे को ओवरटेक करने में ट्रैक्टर अनियंत्रित होने से ट्राली खाईं में पलट गई। ट्राली सवार लोग उसके नीचे दब गए और चीख पुकार मच गई।
Author: AMAN YATRA
SABSE PAHLE