सड़क निर्माण में लापरवाही पर डीएम सख्त, बेस सही न मिलने पर निर्माण कार्य तुरंत रुकवाया
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सोमवार को वार्ड नंबर 22 स्थित गांधी महाविद्यालय के पास बन रही 150 मीटर लंबाई एवं 5.28 लाख रुपये लागत की सड़क का निरीक्षण किया

जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सोमवार को वार्ड नंबर 22 स्थित गांधी महाविद्यालय के पास बन रही 150 मीटर लंबाई एवं 5.28 लाख रुपये लागत की सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएँ पाईं।जिलाधिकारी ने देखा कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। बेस को ठीक से साफ किए बिना ही मिट्टी के ऊपर निर्माण कार्य किया जा रहा था। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तुरंत निर्माण कार्य रुकवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना मजबूत और साफ बेस तैयार किए सड़क निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बेस को पूरी तरह मानक के अनुरूप दुरुस्त कराने के बाद ही आगे का निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



