सड़क हादसे ने छीना घर का चिराग, एटा में डीजल टैंकर की टक्कर से कानपुर देहात के सरकारी शिक्षक की दर्दनाक मौत

कानपुर देहात: जनपद के बरौर थाना क्षेत्र के बहमनौती गांव निवासी एक सरकारी शिक्षक की मंगलवार दोपहर एटा के जलेसर सिकंदराराव मार्ग पर एक सड़क हादसे में मौत हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही की।हादसे से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।मृतक की पहचान यशवंत सिंह के 35 वर्षीय पुत्र अंकम उर्फ मनजीत के रूप में हुई है। बहमनौती निवासी ब्रजमोहन ने बताया कि उनके छोटे भाई अंकम हाथरस के थाना हंसायन स्थित प्राथमिक विद्यालय कसमारा में सरकारी शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।वर्तमान में वह जलेसर के शिक्षक नगर गोलनगर में किराए के मकान में रह रहे थे।
मंगलवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वह अपनी बाइक से जलेसर लौट रहे थे।जलेसर सिकंदराराव रोड पर नगला मोदी गांव के पास सामने से आ रहे एक डीजल टैंकर से उनकी बाइक की आमने सामने भिड़ंत हो गई।हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों की सूचना पर उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलेसर ले जाया गया।जहां मौजूद चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।बुधवार को पोस्टमार्टम उपरांत शव जैसे ही बहमनौती गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया और इलाके में शोक छा गया।मृतक अंकम की शादी 5 वर्ष पहले हुई थी और उनके एक तीन वर्षीय पुत्री अंतरिका है। घटना से मृतक की पत्नी भारती,भाई बृजमोहन,पिता यशवंत सिंह समेत परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।बुधवार दोपहर परिजनों ने दुर्वासा ऋषि घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने अंतिम संस्कार में शामिल होकर शोक संवेदना व्यक्त की तथा दुखी परिजनों को ढांढस बंधाया।



