कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

सावधान: कानपुर देहात में गर्मी का प्रचंड प्रहार, प्रशासन ने जारी की ‘लू’ से बचाव की सख्त एडवाइजरी

धूप में जाते समय गमछा, चश्मा, छाता और जूते पहनना अनिवार्य है।

कानपुर देहात में पारा चढ़ने के साथ ही हीट वेव का खतरा बढ़ गया है। बढ़ती तपिश को देखते हुए अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने आम जनमानस की सुरक्षा के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतें और लू के लक्षणों को नजरअंदाज न करें।

भीषण गर्मी में क्या करें और कैसे सुरक्षित रहें

प्रशासन ने सुझाव दिया है कि घर से बाहर निकलते समय शरीर को पूरी तरह ढककर रखें और हल्के रंग के सूती कपड़ों का चयन करें। धूप में जाते समय गमछा, चश्मा, छाता और जूते पहनना अनिवार्य है। शरीर में पानी की कमी न होने दें, इसके लिए थोड़े-थोड़े अंतराल पर नींबू पानी, शिकंजी, नारियल पानी और ओआरएस के घोल का सेवन करते रहें। यात्रा के दौरान पानी की बोतल साथ रखें और सिर व गर्दन को गीले कपड़े से ढकें। घर और कार्यस्थल को ठंडा रखने के लिए पर्दों का प्रयोग करें और रात में वेंटिलेशन के लिए खिड़कियां खुली रखें। इसके अलावा, बेजुबान जानवरों को भी छायादार स्थान पर रखें और उनके पानी का उचित प्रबंध करें।

इन बातों का रखें विशेष ध्यान, भूलकर भी न करें ये गलतियां

दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक, जब सूरज की किरणें सबसे तीखी होती हैं, बाहर निकलने से बचें। नंगे पैर या बिना कपड़ों के धूप में न जाएं। खान-पान में सावधानी बरतते हुए अधिक प्रोटीन युक्त और बासी भोजन से परहेज करें। चाय, कॉफी, शराब और सॉफ्ट ड्रिंक्स का अधिक सेवन शरीर को डिहाइड्रेट कर सकता है, इसलिए इनसे बचें। बंद और अधिक गर्मी वाली जगहों पर खाना पकाने से परहेज करें और गहरे रंग के तंग कपड़ों की जगह आरामदायक कपड़ों को प्राथमिकता दें। धूप में खड़ी गाड़ियों में बच्चों या पालतू जानवरों को अकेला छोड़ना जानलेवा हो सकता है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि लू या हीट स्ट्रोक के कोई भी लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में संपर्क करें। किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए 108 और 1077 हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल किया जा सकता है।

ये भी पढ़े-  कानपुर देहात पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक

Related Articles

AD
Back to top button