कानपुरउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

सिपाही से अधिकारी तक का सफर: कानपुर पुलिस के आरक्षी आशीष शुक्ला बने कॉमर्शियल टैक्स ऑफिसर

अमेठी के लाल ने कानपुर में लहराया परचम: आरक्षी आशीष शुक्ला का UPPCS में चयन

कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश पुलिस के एक जांबाज आरक्षी ने अपनी मेहनत और अटूट लगन से खाकी का मान बढ़ाते हुए पीसीएस परीक्षा में बड़ी सफलता हासिल की है। कमिश्नरेट कानपुर नगर में तैनात 2018 बैच के आरक्षी आशीष शुक्ला का चयन UPPCS 2024 में कॉमर्शियल टैक्स ऑफिसर के प्रतिष्ठित पद पर हुआ है। आशीष शुक्ला मूल रूप से जनपद अमेठी के शुक्ला बाजार के निवासी हैं और वर्तमान में कानपुर नगर पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

उनकी इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर शुक्रवार को पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल और अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा ने आशीष शुक्ला को कार्यालय बुलाकर हार्दिक बधाई दी। अधिकारियों ने आशीष के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि एक आरक्षी के रूप में ड्यूटी की व्यस्तताओं के बीच पढ़ाई जारी रखकर इस मुकाम तक पहुँचना अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणादायक है। पुलिस आयुक्त ने आशीष को भविष्य में एक कुशल प्रशासनिक अधिकारी के रूप में जनसेवा करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस विशेष अवसर पर आईपीएस सुमित सुधारकर रामटेके भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी आशीष शुक्ला को उनकी इस शानदार कामयाबी पर शुभकामनाएं प्रदान कीं। पुलिस महकमे में अपने एक साथी के अधिकारी बनने पर अन्य पुलिसकर्मियों में भी भारी उत्साह देखा जा रहा है। आशीष की यह सफलता साबित करती है कि यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो किसी भी बाधा को पार कर सफलता प्राप्त की जा सकती है।।

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button