कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

हमीरपुर से बांदा तक फैला था जाल; भोगनीपुर पुलिस ने आधी रात को घेराबंदी कर पकड़े 3 शातिर, बरामद माल देख उड़ गए होश!

चोरों के कब्जे से लगभग 14 लाख रुपये कीमत के 2 ट्रैक्टर और 1 ट्रॉली बरामद, एक फरार

कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर देहात में चोरी के अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भोगनीपुर थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की वारदात का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घेराबंदी कर 3 शातिर अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। इनके पास से चोरी के 2 ट्रैक्टर और 1 ट्रॉली बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 14 लाख रुपये आंकी गई है।

आंधी-पानी के बाद हरदुआ पुल के पास से उड़ाया था ट्रैक्टर इस मामले की शुरुआत 31 मई 2026 को हुई थी, जब भोगनीपुर थाने के इंदिरानगर पुखरायां निवासी भानू प्रकाश ने पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर के पास से ट्रैक्टर (UP77S4272) और ट्रॉली चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने 3 जून को मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच तेज की, तो मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी के ट्रैक्टरों को बेचने के लिए कल्ला से अकोढ़ी रोड की तरफ जा रहे हैं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अकोढ़ी मार्ग पर खडंजे के पास घेराबंदी की और 3 आरोपियों को दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपियों में अवधेश कुमार यादव उर्फ बबलू निवासी पुरैनी हमीरपुर, गुलाब सिंह निवासी रनियां की मडैया भोगनीपुर और राजेश निवासी हथेही घाटमपुर शामिल हैं। वहीं, इनका साथी उमेश पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

हमीरपुर और बांदा से भी जुड़े हैं तार पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी अवधेश उर्फ बबलू ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि बरामद दूसरा महिंद्रा ट्रैक्टर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हमीरपुर के पवई गांव से चुराया था, जिसकी ट्रॉली को उन्होंने पहले ही बेच दिया था। इसके बाद 31 मई की रात आंधी-पानी का फायदा उठाकर इन लोगों ने पुखरायां से दूसरा ट्रैक्टर-ट्रॉली उड़ाया। इस माल को ठिकाने लगाने के लिए गुलाब और उसके बहनोई राजेश को भी गैंग में शामिल किया गया था, लेकिन सौदा होने से पहले ही पुलिस ने इन्हें धर दबोचा।

पकड़े गए मुख्य आरोपी अवधेश कुमार उर्फ बबलू का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ हमीरपुर, बांदा और कानपुर देहात के अलग-अलग थानों में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और चोरी के 8 गंभीर मामले दर्ज हैं। इस सफलता को हासिल करने वाली टीम में पुखरायाँ चौकी प्रभारी अमरेंद्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल वीरेश कुमार, अभय प्रताप सिंह, कांस्टेबल अमित चौधरी, संतोष कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।


ये भी पढे-  कानपुर देहात: भोगनीपुर में चमका इस शिक्षक का सितारा, जनगणना कार्य सबसे पहले पूरा कर जीता सबका दिल, SDM ने किया सम्मानित


 

Related Articles

AD
Back to top button