कानपुर में 23 मार्च को वृहद रोजगार मेला, 730 पदों पर भर्ती का अवसर,पढ़े रिपोर्ट
विधायक महेश त्रिवेदी और एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार करेंगे मेले का भव्य आगाज ।

कानपुर: सहायक निदेशक (सेवायोजन) कानपुर मंडल, कानपुर उज्ज्वल कुमार सिंह ने अवगत कराया कि “उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन” के अंतर्गत तथा उत्तर प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के नौ वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय, कानपुर एवं महिला महाविद्यालय पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, किदवई नगर, कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 23 मार्च 2026 (सोमवार) को प्रातः 10:00 बजे से एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
यह रोजगार मेला महिला महाविद्यालय पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज परिसर, किदवई नगर, कानपुर में आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि विधायक महेश त्रिवेदी एवं विशिष्ट अतिथि अपर जिलाधिकारी (नगर) डॉ. राजेश कुमार उपस्थित रहेंगे।
मेले में कानपुर नगर सहित अन्य शहरों की कई प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। प्रमुख रूप से ए.एस. वर्ड ग्रुप, EDU VANTAGE PRIVATE LIMITED, श्रीराम फाइनेंस ग्रुप, INDEPENDENT YOUTH LOGISTICS, एलआईसी कॉन चेम्बर, STAR GROUP OF MANPOWER SERVICES, पुखराज हेल्थ केयर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, रक्षा सिक्योरिटी सर्विसेज तथा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया लाइफ इंश्योरेंस (फाइनेंशियल एडवाइजरी सर्विस) आदि शामिल हैं।
इन कंपनियों द्वारा लगभग 730 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को ₹10,000 से ₹26,000 प्रतिमाह तक का वेतन प्रदान किया जाएगा। भर्ती फील्ड सेल्स एग्जीक्यूटिव, रिकूटमेंट ऑफिसर, टेलीकॉलर, कस्टमर सर्विस सपोर्ट (इनबाउंड वॉइस प्रोसेस), ट्रेनी अप्रेंटिस हेल्पर, बीमा सखी, लोन एडवाइजर, सेल्स सुपरवाइजर, फील्ड एग्जीक्यूटिव, इंश्योरेंस एडवाइजर, सिक्योरिटी गार्ड सहित विभिन्न पदों पर की जाएगी।
इन पदों के लिए कार्यस्थल कानपुर नगर के साथ-साथ लखनऊ, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद एवं हिमाचल प्रदेश (सोलन) निर्धारित किए गए हैं।
उक्त रोजगार मेले में हाईस्कूल से लेकर परास्नातक, डिप्लोमा एवं आईटीआई उत्तीर्ण तथा सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकृत महिला अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकती हैं। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल (rojgaarsangam.up.gov.in) पर पंजीकरण कर विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए मेले में उपस्थित होकर साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग ले सकती हैं।



