कानपुर देहात: 11 वर्षीय गुमशुदा बालक अर्पित की तलाश, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने की मदद की अपील
मध्य प्रदेश के सीधी जिले से दो महीने से लापता है मासूम, सूचना देने के लिए प्रशासन ने जारी की अपील

कानपुर देहात: मध्य प्रदेश के जनपद सीधी से लापता हुए एक 11 वर्षीय बालक की तलाश के लिए कानपुर देहात में भी प्रशासनिक स्तर पर सहयोग की अपील जारी की गई है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात ने आमजन से गुमशुदा बालक अर्पित विश्वकर्मा की खोजबीन में सहयोग करने का आग्रह किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीधी (मध्य प्रदेश) द्वारा कानपुर देहात प्राधिकरण से बालक की तलाश हेतु पत्राचार कर सहयोग मांगा गया है। 11 वर्षीय बालक अर्पित विश्वकर्मा बीते 20 मई 2026 से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता है। इस संबंध में जनपद सीधी के थाना कमर्जी में गुमशुदगी का मामला पहले से दर्ज है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने नागरिक समाज और आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को इस बालक के संबंध में कोई सुराग या जानकारी मिले, तो वह तत्काल अपने निकटतम पुलिस स्टेशन अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित करे, ताकि मासूम को सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।



