कानपुर देहात: रसूलाबाद-बेला रोड पर बस ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल
यह घटना रसूलाबाद-बेला रोड पर बालाजी गेस्ट हाउस के पास हुई।

रसूलाबाद, कानपुर देहात: कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। काम करके वापस लौट रहे दो युवक अपनी बाइक से घर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही एक प्राइवेट बस ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
यह घटना रसूलाबाद-बेला रोड पर बालाजी गेस्ट हाउस के पास हुई। सजावरपुर गांव के निवासी प्रांशु (20) और अरविंद कुशवाहा (27) अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, जब एक अनियंत्रित डबल डेकर प्राइवेट बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बस के अंदर घुस गई।
हादसे की सूचना मिलते ही कार्यवाहक थाना प्रभारी राम सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों घायल युवकों को तुरंत सीएचसी रसूलाबाद पहुंचाया। सीएचसी में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कार्यवाहक थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित परिवार से तहरीर मिलने के बाद बस चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े- नियम विरुद्ध तरीके से लागू की गई टेट परीक्षा, शिक्षकों के छूट रहा है पसीना



