गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्श हमें सदैव प्रेरित करते रहेंगे:डीएम
गांधी-शास्त्री जयंती पर कलेक्ट्रेट में आयोजिय हुआ कार्यक्रम
कानपुर नगर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और शास्त्री जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दोनों महान विभूतियों को नमन किया। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई।
भजन से गूँजा कलेक्ट्रेट परिसर
कार्यक्रम में रामधुन ‘रघुपति राघव राजा राम पतित पावन सीताराम’ तथा ‘दे दी हमें आजादी बिना खडक बिना ढाल’ जैसे गीतों का गायन हुआ।स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम और भी प्रेरणादायी बन गया।
जिलाधिकारी बोले- वैष्णव जन जीवन का आदर्श
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि नरसी मेहता द्वारा रचित यह भजन केवल एक गीत नहीं, बल्कि जीवन का आदर्श मार्ग है। वैष्णव जन वही है, जो दूसरों के दुख को समझे, पीड़ितों की मदद करे, किसी का अपमान न करे और सत्य व अहिंसा के पथ पर चले। यही सच्चा मानवतावादी, करुणाशील और निस्वार्थ व्यक्ति है। उन्होंने महात्मा गांधी के महान व्यक्तित्व का उल्लेख करते हुए वैज्ञानिक आइंस्टीन के शब्दों को याद किया। आइंस्टीन ने कहा था कि आने वाली पीढ़ियों को विश्वास करना कठिन होगा कि हाड़-मांस का ऐसा अद्वितीय व्यक्तित्व कभी इस धरती पर चला था।
शास्त्री जी की सादगी बनी प्रेरणा
डीएम ने कहा कि शास्त्री जी की सादगी और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण हमेशा लोगों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने महान लेखिका महादेवी वर्मा के संस्मरण का उल्लेख करते हुए कहा कि शास्त्री जी की स्पष्ट मान्यता थी कि सरकारी धन का उपयोग केवल कर्तव्यों के निर्वहन में होना चाहिए, निजी आतिथ्य में नहीं। यह प्रसंग उनकी ईमानदारी और सादगी की अनुपम मिसाल है।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन हुए सम्मानित
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उनके उत्तराधिकारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर धर्म कुमार सिंह, सत्येन्द्र कुमार सिन्हा, हरीराम गुप्ता, राम कुमार सिंह स्वतंत्र, जोगिन्दर सिंह बाजवा, मृगांक शेखर आनंद, चन्द्रभान सिंह गौर, हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव, आर.के. निगम, रामदुलारे गुप्ता, राजेश कुमार शर्मा, विष्णु दीक्षित, विष्णु गुप्ता, अखिलेश अवस्थी और गौरव सिन्हा सहित अन्य को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक चंद्रशेखर ने भी महात्मा गांधी को नमन किया तथा कहा कि बापू ने सत्य और अहिंसा से अंग्रेजों को परास्त कर दुनिया को नया मार्ग दिखाया
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नगर) डॉ. राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विवेक चतुर्वेदी, समस्त एसीएम तथा कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े- ‘स्वच्छता सेवा पखवाड़ा’ का समापन: पुखरायां पालिका में 25 सफाई मित्रों का सम्मान
Discover more from अमन यात्रा
Subscribe to get the latest posts sent to your email.