कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात : टेसू कार्यक्रम के विवाद ने ली जान! डंडे के वार से घायल महिला की 4 दिन बाद मौत

कानपुर देहात के दौलतपुर गांव की घटना; पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे थे तीनों आरोपी

Story Highlights
  • भोगनीपुर के दौलतपुर गांव में 'झिंझिया टेसू' कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने लिया गंभीर रूप।
  • 7 अक्टूबर की रात तीन आरोपियों—धर्म सिंह उर्फ छोटा, सोबरन और प्रताप सिंह—ने घर लौट रही सुकरातिन के सिर पर डंडे से जानलेवा हमला किया।
  • गंभीर रूप से घायल सुकरातिन ने कानपुर के अस्पताल में 4 दिन तक चले उपचार के बाद शनिवार को दम तोड़ दिया।
  • पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर तीनों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था और उन्हें जेल भेज दिया गया है।
  • मामूली तौर पर पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में रंजिश में बदला, जिसके परिणामस्वरूप यह घटना हुई।

कानपुर देहात के भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर गांव में ‘झिंझिया टेसू’ के दिन पटाखे चलाने को लेकर हुए विवाद में घायल हुई महिला की 4 दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर तीनों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

जानकारी के अनुसार, दौलतपुर गांव निवासी जगत सिंह की पत्नी सुकरातिन 7 अक्टूबर की रात लगभग 10 बजे झिंझिया टेसू की शादी समारोह से घर लौट रही थीं। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही धर्म सिंह उर्फ छोटा (पुत्र प्रताप सिंह), सोबरन और प्रताप सिंह (पुत्र छेदालाल) घात लगाए बैठे थे। धर्म सिंह ने सुकरातिन पर जान से मारने की नीयत से सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर वहीं गिर पड़ीं।

सुकरातिन को गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल, फिर कानपुर हैलट और बाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार (11 अक्टूबर) को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

ग्राम प्रधान ने बताया कि 7 अक्टूबर को गांव में टेसू और झिंझिया का विवाह कार्यक्रम था, जिसमें लड़कों के पटाखे चलाने को लेकर मामूली विवाद हुआ था, जिसे शांत करा दिया गया था। लेकिन कार्यक्रम के बाद रास्ते में धर्म सिंह उर्फ छोटा ने सुकरातिन पर जानलेवा हमला कर दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय ने बताया कि 7 अक्टूबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान सुकरातिन का गांव के ही सोबरन से विवाद हुआ था, जिसके बाद सुकरातिन पर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर धर्म सिंह उर्फ छोटा, सोबरन व प्रताप सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। अब महिला की मृत्यु के बाद मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है और तीनों आरोपी जेल में हैं।

ये भी पढ़े- PCS परीक्षा: नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु जिलाधिकारी और एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण

Related Articles

AD
Back to top button