उत्तरप्रदेशकानपुरफ्रेश न्यूज

सेवा बस्तियों में दीप बाँट ‘यती संकल्प’ ने मनाई सच्ची दीपावली, जरूरतमंदों के घर पहुँची उम्मीद की रौशनी

समाज सेवा के प्रति समर्पित सामाजिक संगठन यती संकल्प संस्थान ने इस वर्ष दीपावली के पावन अवसर पर सेवा बस्तियों में रहने वाले सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों के बीच दीप, बाती और मिठाई का वितरण कर एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया

कानपुर। समाज सेवा के प्रति समर्पित सामाजिक संगठन यती संकल्प संस्थान ने इस वर्ष दीपावली के पावन अवसर पर सेवा बस्तियों में रहने वाले सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों के बीच दीप, बाती और मिठाई का वितरण कर एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया। संस्थान के इस अनूठे दीप वितरण कार्यक्रम का उद्देश्य केवल रोशनी बांटना नहीं, बल्कि उन परिवारों तक उम्मीद, अपनापन और स्नेह की लौ पहुँचाना था, जहाँ आज भी दीपावली की चमक फीकी पड़ जाती है। कार्यक्रम शनिवार को कानपुर की विभिन्न सेवा बस्तियों में आयोजित किया गया।

संस्थान के सदस्यों ने घर-घर जाकर दीपक वितरित किए। इस अवसर पर संस्थान की सचिव नीतू सिंह ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दीपावली केवल सजावट का त्योहार नहीं, बल्कि यह मानवता और सेवा की भावना का उत्सव है। उन्होंने जोर देकर कहा, “हर दीपक जो किसी जरूरतमंद के घर में जलता है, वह समाज में उम्मीद और प्रेम की नई किरण फैलाता है। यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि हमारे आसपास कोई भी ऐसा परिवार न बचे जो दीपावली पर दीपक जलाने से वंचित रह जाए।”

कार्यक्रम के दौरान सेवा बस्ती के छोटे-छोटे बच्चों के चेहरे पर खुशी की मुस्कान और परिवारों की आँखों में उमड़ती कृतज्ञता देखने लायक थी। संस्थान के कार्यकर्ताओं ने बताया कि सच्ची दीपावली वही है, जहाँ किसी का अंधकार मिटे और दिलों में रोशनी जगमगाए। संस्थान के सदस्यों ने सभी परिवारों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उनके सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में भी ऐसे मानवता-केन्द्रित अभियान निरंतर चलाए जाएँगे, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और संवेदना की रौशनी पहुँच सके।

ये भी पढ़े- मुँगीसापुर में दो मोटरसाइकिल व ऑटो में जोरदार भिड़ंत,तीन घायल

Related Articles

AD
Back to top button