कानपुर देहात का गौरव बढ़ा: मॉडल पंचायत बील्हापुर के ग्राम प्रधान मुसर्रत खाँ बने ‘ग्रामीण सत्ता पंचायती राज संगठन’ के प्रदेश सचिव!
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विवेक चंद्र अवस्थी ने मुसर्रत खाँ को यह पद सौंपकर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी है।

अमरौधा/कानपुर देहात: अमरौधा विकासखंड क्षेत्र की मॉडल पंचायत बील्हापुर के कर्मठ और यशस्वी ग्राम प्रधान मुसर्रत खाँ को एक बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और विकास कार्यों को देखते हुए उन्हें ‘ग्रामीण सत्ता पंचायती राज संगठन (उत्तर प्रदेश)’ का प्रदेश सचिव मनोनीत किया गया है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विवेक चंद्र अवस्थी ने मुसर्रत खाँ को यह पद सौंपकर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी है। यह मनोनयन मुसर्रत खाँ के अथक प्रयासों और पंचायती राज व्यवस्था में उनके उल्लेखनीय योगदान का सम्मान है।
बील्हापुर के ग्राम प्रधान मुसर्रत खाँ को उनके अनुकरणीय कार्यों के लिए पूर्व में भी केंद्र सरकार के पंचायती राज विभाग के केंद्रीय मंत्री और कई विभागों के अधिकारियों द्वारा प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने न केवल अपने गांव बील्हापुर को एक मॉडल पंचायत बनाया है, बल्कि ब्लॉक अमरौधा और पूरे जनपद कानपुर देहात का नाम रोशन कर जिले का गौरव भी बढ़ाया है।
ग्रामीण सत्ता पंचायती राज संगठन द्वारा प्रदेश सचिव के पद पर मनोनयन को इसी गौरवशाली प्रदर्शन का परिणाम माना जा रहा है।
मुसर्रत खाँ को प्रदेश सचिव बनाए जाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस अवसर पर मोहम्मद हलीम, भोले कुरैशी, आसिफ कुरैशी, कैश बाबू कुरैशी, नदीम बेग, रियासत खाँ, मुकीम बेग, सिकंदर खाँ, रामपाल कठेरिया, चंद्रपाल कठेरिया सहित सैकड़ो गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस नई जिम्मेदारी से यह उम्मीद जगी है कि मुसर्रत खाँ संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे और पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक सशक्त करेंगे।



