कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

सनसनीखेज आरोप: संतान प्राप्ति का झांसा देकर विवाहिता से गैंगरेप

कानपुर देहात की पीड़िता ने DGP से की शिकायत; इटावा ले जाकर दुष्कर्म का आरोप, पुलिस पर भी लगे गंभीर आरोप

कानपुर देहात, उत्तर प्रदेश। जनपद कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक निसंतान विवाहिता ने अपने मायके के एक युवक और उसके बहनोई पर सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे संतान प्राप्ति के लिए इलाज कराने का झांसा दिया और इटावा ले जाकर इस घटना को अंजाम दिया। न्याय न मिलने पर महिला ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) से मामले की लिखित शिकायत की है।

इलाज के बहाने ले गए इटावा

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि औरैया जनपद के सहायल थाना क्षेत्र का निवासी उसके मायके का एक युवक उसे इलाज कराने के बहाने इटावा ले गया। वहाँ उसे युवक की बहन और बहनोई के घर के एक कमरे में रखा गया। महिला का आरोप है कि उसे धोखे से नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। इसके बाद युवक और उसके बहनोई ने कथित तौर पर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।

वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और जेवर चोरी का आरोप

पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने इस दौरान उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया और उसे शादी के लिए धमकाकर ब्लैकमेल करने लगे। महिला का कहना है कि लगभग दस दिनों तक उसका शारीरिक शोषण किया गया। इस दौरान उसका जेवरात से भरा बैग भी गायब कर दिया गया। इस बैग में नौ तोला सोने और चाँदी के जेवरात के साथ कुछ नगदी भी थी।

पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप

किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने में कामयाब होने के बाद, महिला वहाँ से अपनी बहन की पुत्री के पास नोएडा पहुँची और उसे अपनी आपबीती सुनाई। पीड़िता ने स्थानीय पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि जब उसने इस मामले की शिकायत की, तो पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा जरूर, लेकिन उन्हें चार दिनों तक थाने में बैठाने के बाद बिना कोई ठोस कार्रवाई किए छोड़ दिया गया। न्याय से वंचित होने के बाद पीड़िता ने अब सीधे पुलिस महानिदेशक से गुहार लगाई है।

ये भी पढ़े – कानपुर देहात में कानपुर झांसी रेलवे ट्रैक पर मिले शव की हुई पहचान

 

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button