बच्चों के कल्याण पर फोकस: DM ने लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण का दिया निर्देश
किशोर न्याय बोर्ड, चाइल्ड हेल्पलाइन और कन्या सुमंगला योजना की समीक्षा, अनुपस्थिति पर जताई नाराज़गी

कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में आज मॉ मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, सखी वन स्टॉप सेंटर और महिला-बाल कल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत संचालित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और रानी लक्ष्मीबाई महिला सम्मान कोष सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में किशोर न्याय बोर्ड के लंबित मामलों को त्वरित निस्तारित करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने बाल कल्याण समिति के कार्यों की समीक्षा करते हुए अध्यक्ष/सदस्य की अनुपस्थिति पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिया कि चाइल्ड हेल्पलाइन से संबंधित मामलों में बच्चों के पुनर्वासन के बाद फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, अपर चिकित्साधिकारी को नवजात शिशुओं के मामलों में चाइल्ड हेल्पलाइन/विशेष दत्तक ग्रहण इकाई को तत्काल एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी रेनू यादव ने बताया कि मिशन वात्सल्य योजना के तहत जनपद स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक समितियों का गठन है और विभागीय योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड/सामान्य) का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को बाल श्रम एवं बाल तस्करी अभियानों में समन्वय स्थापित करने और बाल विवाह या नवजात शिशुओं से जुड़ी सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर देने की अपील की।


