कानपुर : ‘ओ’ लेवल एवं सी०सी०सी० कम्प्यूटर प्रशिक्षण हेतु आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई
अब 1 दिसंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन, विकास भवन में जमा करनी होगी हार्ड कॉपी

कानपुर नगर: जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी बीरपाल ने बताया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा पिछड़े वर्ग के बेरोजगार युवक/युवतियों के लिए संचालित ‘ओ’ लेवल एवं सी०सी०सी० कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजनान्तर्गत वर्ष 2025-26 की पूर्व निर्धारित समय-सारिणी में संशोधन किया गया है। ऑनलाइन आवेदन से लेकर प्रशिक्षण प्रारम्भ कराए जाने तक की समय-सीमा को बढ़ाते हुए नई संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में भारत सरकार की अधिकृत संस्था नीलिट (राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान) से मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से इण्टरमीडिएट (कक्षा 12) उत्तीर्ण अन्य पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक/युवतियों को ‘ओ’ लेवल एवं सी०सी०सी० कम्प्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाना प्रस्तावित है। वर्तमान में ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया प्रचलित है, जिसके अंतर्गत इच्छुक अभ्यर्थी 20 नवम्बर, 2025 से 01दिसम्बर, 2025 तक आवेदन कर सकते हैं।
अभ्यर्थी कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना के पोर्टल obccomputertraining.upsdc.gov.in पर दिनांक 01 दिसम्बर, 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन फाइनल रूप से सबमिट करने के बाद अभ्यर्थियों को अपने भरे हुए आवेदन पत्र की हस्ताक्षरित दो प्रतियां तथा आवश्यक संलग्नक—आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की अंकतालिका की प्रतियां—जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, कानपुर नगर, कक्ष संख्या-09 में 01 दिसम्बर, 2025 तक अनिवार्य रूप से जमा करानी होंगी।
ये भी पढ़े- न्याय पंचायत गुरुगाँव का गौरव: गणित ओलम्पियाड में आलिया ने जिले में लहराया परचम



