कानपुर देहात: रसूलाबाद में भीषण सड़क हादसा, बाइक-साइकिल की भिड़ंत के बाद अज्ञात वाहन ने रौंदा; दो की मौत
मलका पुरवा गांव के सामने हुआ हादसा, दो गंभीर रूप से घायल; शादी के लिए लड़की देखकर लौट रहे थे बाइक सवार
कानपुर देहात: जनपद कानपुर देहात के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के मालका पुरवा गांव के सामने बुधवार शाम एक दुखद सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना उस समय हुई जब चौबेपुर की ओर से आ रही एक बाइक, जिस पर तीन लोग सवार थे, सामने से साइकिल से आ रहे रामनारायण मिश्रा पुत्र राम बिहारी, निवासी मलका पुरवा से टकरा गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि रामनारायण मिश्र और बाइक चालक सुशील पुत्र बृजराज राजपूत, निवासी ग्राम सपा इंदरगढ़ कन्नौज, सड़क पर गिर गए। बताया जा रहा है कि टक्कर के तुरंत बाद ही वहाँ से गुजर रहे एक अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई।
शादी की खुशी मातम में बदली
मृतक बाइक चालक सुशील के साथ उनका भाई विश्व प्रताप और उनकी मौसी फूलन देवी भी बाइक पर सवार थे, जो गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार तीनों लोग शादी के लिए लड़की देखकर वापस अपने घर जा रहे थे। वहीं, साइकिल सवार रामनारायण मिश्र खेत से चारा काटकर अपने घर की ओर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से आनन-फानन में घायलों को रसूलाबाद सीएचसी में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
ये भी पढ़े- लखनऊ: मुलायम सिंह यादव के अपमान पर सपाई भड़के, हजरतगंज में जोरदार प्रदर्शन



