कोहरे की दस्तक से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन: बिना नंबर प्लेट वाले 30 वाहन सीज
कानपुर देहात: सड़क सुरक्षा पर सख्ती, ₹11.46 लाख जुर्माना वसूला; अवैध पार्किंग वाले होटल संचालकों को भी नोटिस जारी

कानपुर देहात: पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में, जनपद पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से दिनांक 19/20 नवंबर 2025 की रात्रि में सभी क्षेत्राधिकारीगण की उपस्थिति में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना नंबर प्लेट अथवा त्रुटिपूर्ण नंबर प्लेट वाले वाहनों पर विशेष रूप से कार्रवाई करना रहा, क्योंकि ऐसे वाहनों के चालक अक्सर लापरवाही करते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं और घटना के बाद फरार होने वाले वाहनों की पहचान मुश्किल हो जाती है, नतीजतन पीड़ित को न्याय नहीं मिल पाता।
इसी क्रम में पुलिस द्वारा ऐसे होटल और ढाबा संचालकों पर भी सख्ती दिखाई गई, जिनके प्रतिष्ठानों के बाहर ट्रक, ट्रेलर और अन्य भारी वाहन अवैध रूप से खड़े किए जा रहे हैं। राजमार्ग पर जाम और दुर्घटना की संभावना पैदा करने वाले इन संचालकों को बीएनएसएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा-168 के अंतर्गत नोटिस जारी किए गए हैं।
इसके साथ ही, जनपद पुलिस ने सीज की गई गाड़ियों को खड़ा करने की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। थाना डेरापुर की बिहारघाट चौकी के अंतर्गत कुंभी क्षेत्र में एक केंद्रीय डंप यार्ड स्थापित करने हेतु उपयुक्त स्थान चिन्हित किया गया है, जिसे शीघ्र ही परिचालित कर दिया जाएगा। इस सुविधा के चालू होने से थाना क्षेत्रों में सीज वाहनों को खड़ा करने की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।
इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 310 वाहनों का चालान किया, 30 वाहनों को सीज किया गया और कुल 11 लाख 46 हजार 600 रुपये मात्र का जुर्माना वसूला गया है।



