कानपुर देहात: ट्रक चालक से मारपीट और लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सिकन्दरा पुलिस ने 4 शातिर लुटेरों को दबोचा
जनपद में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिकन्दरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

कानपुर देहात। जनपद में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिकन्दरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 20 नवंबर को हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए रविवार को चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से लूटी गई नगदी और दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
क्या था पूरा मामला? जालौन निवासी रोहित कुमार द्विवेदी ने पुलिस को सूचना दी थी कि 20 नवंबर 2025 को जब वह अपने ट्रक (UP 92 AT 5404) से जा रहे थे, तभी बोलेरो और एक अन्य ट्रक पर सवार कुछ लोगों ने उन्हें रोका। आरोपियों ने ट्रक की खिड़की खोलकर उन्हें नीचे खींचा और लाठी-डंडों से मारपीट की। इस दौरान बदमाशों ने रोहित से 61,300 रुपये, मोबाइल, डीएल और आधार कार्ड लूट लिया था। इस शिकायत पर थाना सिकन्दरा में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। रविवार (23.11.2025) सुबह करीब 5:30 बजे मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने बुधौली मोड़ के पास घेराबंदी की। यहाँ से पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए सभी आरोपी कानपुर देहात के राजपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:
अखण्ड प्रताप चतुर्वेदी (पुत्र अजय कुमार चतुर्वेदी, निवासी ग्राम सलेमपुर)
अंकित (पुत्र राजेश, निवासी ग्राम सलेमपुर)
श्यामू (पुत्र विश्वनाथ उर्फ शिशुपाल, निवासी ग्राम सलेमपुर)
दीपक सिंह उर्फ पुष्पेन्द्र (पुत्र रामआसरे, निवासी ग्राम सिलहरा)
बरामदगी: पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लूट के 10,300 रुपये, वादी का आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद कर लिया है।
अपराधिक इतिहास: पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अखण्ड प्रताप चतुर्वेदी एक शातिर अपराधी है। उस पर जालौन के कुठौंद थाने में लूट का प्रयास, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आरोपी अंकित पर भी राजपुर थाने में मारपीट और जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज हैं।
पुलिस टीम ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।



