कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: हाईटेक नर्सरी में तैयार होगी गर्मी की सब्जियों की पौध, किसान जल्द कराएं बुकिंग

मात्र 1 रुपये में तैयार कराएं अपनी पसंद की पौध, माती हाईटेक नर्सरी में बुकिंग शुरू

कानपुर देहात: जनपद के किसानों को उन्नत और समय से सब्जियों की पौध उपलब्ध कराने के लिए उद्यान विभाग ने कमर कस ली है। कानपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित राजकीय कृषि प्रक्षेत्र (सीएसए परिसर) में स्थापित हाईटेक नर्सरी में गर्मी के मौसम में उगाई जाने वाली सब्जियों की पौध तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. बलदेव प्रसाद ने बताया कि किसान अगेती पौध तैयार कर बाजार में अपनी फसल समय से लाकर अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं।

स्वयं सहायता समूह के सहयोग से हो रहा उत्पादन

इस हाईटेक नर्सरी (वेजीटेबल सीडलिंग इकाई) में पौध उत्पादन का कार्य उद्यान विभाग के मार्गदर्शन में भवानी स्वयं सहायता समूह, मूरलीपुर (विकास खंड मलासा) द्वारा किया जा रहा है। वर्तमान में यहाँ टमाटर, पत्तागोभी, संकर लौकी, तरोई, करेला, खीरा, खरबूज और तरबूज जैसी गर्मी की मुख्य फसलों की पौध बोई जा रही है।

किसानों के लिए विशेष सुविधा और दरें

उद्यान विभाग ने किसानों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की है:

  • बीज उपलब्ध कराने पर: यदि किसान अपनी पसंद का बीज उपलब्ध कराते हैं, तो हाईटेक नर्सरी द्वारा मात्र 1 रुपये प्रति पौध की लागत पर एक माह के भीतर पौध तैयार कर दी जाएगी।

  • नकद पौध खरीद: जो किसान बीज उपलब्ध नहीं करा सकते, वे नर्सरी में उत्पादित पौध 2 रुपये प्रति पौध की दर से सीधे नकद मूल्य पर प्राप्त कर सकते हैं।

बुकिंग के लिए यहां करें संपर्क

पपीता, सहजन और फूलों की खेती करने वाले कृषक भी इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। विभाग ने कृषक उत्पादन संगठनों (FPO), स्वयं सहायता समूहों और सरकारी संगठनों से अपील की है कि वे अपनी पौध की बुकिंग जल्द से जल्द करा लें। इच्छुक किसान विकास भवन स्थित कमरा नंबर-315 में जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय या हाईटेक नर्सरी के प्रभारी रमेश चंद्र कटियार (6392626116) से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

ये भी पढ़े- डीएम का सख्त निर्देश: शिकायतकर्ता के संतुष्ट होने पर ही बंद होगी आईजीआरएस की फाइल

Related Articles

AD
Back to top button