डीएम का सख्त निर्देश: शिकायतकर्ता के संतुष्ट होने पर ही बंद होगी आईजीआरएस की फाइल
बैंक और विभाग में समन्वय से बढ़ेगा स्वरोजगार: कलेक्ट्रेट में हुई डीएलआरसी की बैठक

कानपुर देहात: कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में आज शुक्रवार को जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) एवं जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (DCC) की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सरकारी योजनाओं की ऋण पत्रावलियों के समयबद्ध निस्तारण और बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के कड़े निर्देश दिए गए।
ऋण पत्रावलियों पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं
जिलाधिकारी ने कड़े शब्दों में कहा कि बैंक अधिकारी ऋण आवेदनों को बेवजह लंबित न रखें। यदि किसी पत्रावली में कमी है, तो बैंक प्रतिनिधि संबंधित विभाग और आवेदक के साथ समन्वय कर उसे तुरंत पूर्ण कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रावलियों के रुकने से न केवल बैंकिंग साख प्रभावित होती है, बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक नहीं पहुँच पाता। उन्होंने बैंकों को ऋण जमानुपात (CD Ratio) बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।
KCC और स्वरोजगार योजनाओं पर विशेष ध्यान
बैठक में किसानों, पशुपालकों और मत्स्य पालकों को अधिक से अधिक किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ODOP) जैसी योजनाओं की बैंकवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की स्वरोजगार योजनाओं को सफल बनाने में बैंकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
IGRS शिकायतों पर मांगा संतुष्टिपूर्ण फीडबैक
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि निस्तारण के समय शिकायतकर्ता से बात कर उसका फीडबैक अनिवार्य रूप से लिया जाए। शिकायत केवल तभी निक्षेपित (Closed) मानी जाएगी जब आवेदक पूरी तरह संतुष्ट हो।
नाबार्ड की पुस्तक का विमोचन
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नाबार्ड (NABARD) और आरसेटी द्वारा संचालित कार्यों का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने नाबार्ड द्वारा प्रकाशित नई पुस्तक का विमोचन भी किया और ग्रामीण विकास में संस्था के प्रयासों की सराहना की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन, एडीएम वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य और एलडीएम राकेश कुमार सहित सभी प्रमुख बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े- रनियां में अवैध कटान पर एक्शन: बंद फैक्ट्री में कट रहे थे प्रतिबंधित पेड़, अफसरों ने पकड़ा



