कानपुरउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर: अब एआई के जरिए होगी शहर की निगरानी, बनेगा रेवेन्यू मॉडल

आईसीसीसी परियोजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न

कानपुर नगर: पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल एवं मण्डलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन की अध्यक्षता में आज आईसीसीसी परियोजना की समीक्षा बैठक आईसीसीसी कार्यालय में दोपहर 12 बजे आयोजित की गई। बैठक में संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), मुख्य कार्यकारी अधिकारी/नगर आयुक्त, सचिव (कानपुर विकास प्राधिकरण), अपर नगर आयुक्त, आईआईटी कानपुर की तकनीकी टीम तथा कानपुर स्मार्ट सिटी की टीम उपस्थित रही।

बैठक का मुख्य उद्देश्य आईसीसीसी परियोजना के अंतर्गत संचालित समस्त घटकों की वर्तमान क्रियाशीलता की समीक्षा करना तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से इनके अधिक प्रभावी उपयोग हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश देना रहा। इस दौरान पुलिस आयुक्त द्वारा आईसीसीसी से जुड़े कैमरों के माध्यम से शहर की निगरानी की समीक्षा की गई तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से जरीब चौकी चौराहा एवं टाटमिल चौराहा पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों से संवाद कर यातायात संचालन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही शहर में अपराध नियंत्रण के लिए एएनपीआर कैमरों के प्रभावी उपयोग पर चर्चा की गई तथा अधिकाधिक स्थानों पर एएनपीआर कैमरे स्थापित किए जाने के निर्देश दिए गए।

मण्डलायुक्त द्वारा अवगत कराया गया कि भविष्य में आईसीसीसी परियोजना के संचालन हेतु चालान प्रक्रिया के माध्यम से प्राप्त होने वाले राजस्व से आईसीसीसी को भी वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराए जाने पर विचार किया जाना आवश्यक है। इस पर पुलिस आयुक्त द्वारा आईसीसीसी को एक रेवेन्यू मॉडल के रूप में संचालित किए जाने हेतु योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त द्वारा जानकारी दी गई कि आईसीसीसी परियोजना के अंतर्गत वर्तमान में स्मार्ट पार्किंग को राजस्व मॉडल पर संचालित किए जाने हेतु प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है तथा शीघ्र ही निविदा आमंत्रित की जाएगी।

बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि पुलिस आयुक्त द्वारा प्रारंभ की गई त्रिनेत्र परियोजना के अंतर्गत स्थापित लगभग 3000 सीसीटीवी कैमरों को आईसीसीसी से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में आईआईटी कानपुर की टीम द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग से यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु पृथक बैठक आयोजित किए जाने का सुझाव दिया गया। नगर आयुक्त द्वारा बताया गया कि त्रिनेत्र परियोजना के अंतर्गत स्थापित कैमरों को आईसीसीसी से जोड़ने हेतु निविदा प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।

अंत में पुलिस आयुक्त द्वारा नगर आयुक्त को निर्देशित किया गया कि शहर में सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण एवं यातायात सुधार के लिए आवश्यक पुलिस बल की मांग करते हुए प्रतिदिन अभियान चलाया जाए। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल हेतु पीएसी की मांग भी की जा सकती है।

ये भी पढ़े- कानपुर देहात में डीसीएम में लगी आग,फायरकर्मियों ने पाया काबू

Related Articles

AD
Back to top button