ग्राम कल्ला में जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज: राजेश तिवारी ने फीता काटकर किया उद्घाटन
टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी 35 से 40 टीमें, 12 जनवरी को होगा फाइनल

कानपुर देहात: अमरौधा ब्लॉक के कल्ला अल्लापुर ग्राम पंचायत के ग्राम कल्ला में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। पटेल क्रिकेट क्लब के सौजन्य से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी ने फीता काटकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे।
अतिथियों का हुआ जोरदार स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत में सागर तिवारी और प्रधान सूरज सचान ने मुख्य अतिथि का माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद कमेंटेटर डीके दिवाकर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों को सम्मानित किया। भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष सत्यम चतुर्वेदी का अविनाश पाल ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों और आगंतुकों का उत्साहवर्धन किया।
खेल के प्रति निष्ठा और समर्पण जरूरी
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए राजेश तिवारी ने कहा कि खेल में सफलता के लिए सच्ची निष्ठा और समर्पण अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से ही खिलाड़ी निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करते हैं। सरकार और समाज को मिलकर ऐसी प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करना चाहिए। उन्होंने हर संभव मदद का भरोसा देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। युवा मोर्चा उपाध्यक्ष सत्यम चतुर्वेदी ने भी खेल संसाधनों और अन्य आवश्यकताओं के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।
विजेता को मिलेगा नकद इनाम
आयोजक सागर तिवारी ने बताया कि इस टूर्नामेंट में जिले भर की लगभग 35 से 40 टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता का फाइनल मैच 12 जनवरी को खेला जाएगा। विजेता टीम को 11,000 रुपये और प्रशस्ति पत्र, जबकि उपविजेता टीम को 7,000 रुपये और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए कई सांत्वना पुरस्कार भी रखे गए हैं। कार्यक्रम के अंत में डीके दिवाकर ने सभी का आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़े- गजनेर व्यापार मंडल ने बढ़ाया मदद का हाथ: वृद्ध आश्रम को सौंपी 1.27 लाख की आर्थिक सहायता



