कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: मतदाता बनने का सुनहरा मौका, 11 जनवरी को बूथों पर जुटेंगे बीएलओ, जानिए पंजीकरण के लिए जरूरी दस्तावेज

एडीएम अमित कुमार ने जारी किए निर्देश, 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवा करा सकेंगे नाम दर्ज

कानपुर देहात के अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण का कार्य तेजी से चल रहा है। इस अभियान के तहत 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। रविवार, 11 जनवरी 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी बूथों पर बीएलओ सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक उपस्थित रहकर मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे और फॉर्म प्राप्त करेंगे।

कौन बन सकता है मतदाता? जो युवा 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, वे फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जो लोग 1 अप्रैल, 1 जुलाई या 1 अक्टूबर 2026 को अर्ह हो रहे हैं, वे भी फॉर्म-6 के माध्यम से अग्रिम आवेदन कर सकते हैं।

दस्तावेजों की श्रेणियां और साक्ष्य: निर्वाचन आयोग ने मतदाता पंजीकरण के लिए जन्म तिथि और जन्म स्थान प्रमाणित करने हेतु अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की हैं:

  • 01.07.1987 के पूर्व जन्मे लोग: जिनका नाम 2003 की मतदाता सूची में है, वे साक्ष्य के रूप में इसका उपयोग कर सकते हैं।

  • 01.07.1987 से 02.12.2004 के बीच जन्मे लोग: स्वयं के साथ माता या पिता की जन्म तिथि/स्थान प्रमाणित करने वाले दस्तावेज देने होंगे।

  • 02.12.2004 के बाद जन्मे लोग: स्वयं के अतिरिक्त माता और पिता दोनों के जन्म संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे।

जरूरी दस्तावेजों की सूची (स्व-सत्यापित): पहचान के लिए जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, 10वीं का प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड/परिवार रजिस्टर, सरकारी कर्मचारी आईडी या सक्षम अधिकारी द्वारा जारी जाति/निवास प्रमाण पत्र मान्य होंगे।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 11 जनवरी को क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे ताकि बूथों पर बीएलओ की उपस्थिति और कार्य की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

ये भी पढ़े- कानपुर देहात: धर्म परिवर्तन कराने वाले अंतरप्रादेशिक गिरोह का पर्दाफाश, अकबरपुर पुलिस ने महिला समेत तीन को दबोचा

Related Articles

AD
Back to top button