कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: धर्म परिवर्तन कराने वाले अंतरप्रादेशिक गिरोह का पर्दाफाश, अकबरपुर पुलिस ने महिला समेत तीन को दबोचा

नवाकान्ती सोसायटी की आड़ में लालच देकर कराया जा रहा था सामूहिक धर्मांतरण, विदेशी फंडिंग के भी मिले साक्ष्य

सुशील त्रिवेदी, कानपुर देहात: जनपद की अकबरपुर पुलिस ने अवैध धर्म परिवर्तन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार कर और कीमती वस्तुओं व धन का प्रलोभन देकर अनुसूचित जाति के लोगों का सामूहिक धर्म परिवर्तन कराने वाले एक सक्रिय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ग्राम निबौली निवासी रामभरोसे की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई है।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान डेनियल शरद सिंह (निवासी झांसी), हरिओम त्यागी उर्फ इनोस (निवासी पातेपुर, अकबरपुर) और सावित्री शर्मा (निवासी नेहरू नगर, अकबरपुर) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने इन तीनों को औरैया-कानपुर हाईवे के पास स्थित नवाकान्ती सोसायटी से गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। अभियुक्तों ने बताया कि वे ‘नवाकान्ती सोसायटी’ के नाम से एक व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र चलाते हैं, जिसका पंजीकरण आंध्र प्रदेश के पते पर है। यहाँ एसी, फ्रिज और फिटर जैसे कोर्स की ट्रेनिंग देने के नाम पर लोगों को बुलाया जाता था, लेकिन असल में संस्था का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति के लोगों को बहला-फुसलाकर ईसाई धर्म में परिवर्तित करना था। इसके लिए उन्हें कीमती सामान और नकदी का लालच दिया जाता था।

जांच के दौरान अभियुक्त हरिओम त्यागी के मोबाइल से धर्म परिवर्तन कराते हुए प्रार्थना सभाओं और बाइबिल पाठ के कई वीडियो व फोटो बरामद हुए हैं। दस्तावेजों से यह भी स्पष्ट हुआ है कि अभियुक्तों ने स्वयं भी धर्म परिवर्तन किया था। पुलिस को इस नेटवर्क के अंतरप्रादेशिक स्तर पर फैले होने और विदेशों से फंड प्राप्त होने के महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं, जिसकी गहराई से छानबीन की जा रही है।

Related Articles

AD
Back to top button