कानपुर देहात में आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक संपन्न
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की

कानपुर देहात के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में शुक्रवार को आगामी त्योहारों के मद्देनजर पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य शिवरात्रि, होली, रामनवमी और ईद जैसे प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना था। अधिकारियों ने जिले की आपसी भाईचारे और शांतिप्रिय परंपरा को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी कपिल सिंह ने पीस कमेटी के सदस्यों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएं और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की भड़काऊ गतिविधि या उन्माद फैलाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सदस्यों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि त्योहारों के दृष्टिगत संवेदनशील स्थानों की पहचान कर ली गई है, जहाँ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी और अन्य आधुनिक तकनीकों का सहारा लिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने में सूचना दें।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: भोगनीपुर में अज्ञात मैजिक ने ई रिक्शा में मारी टक्कर,चार घायल



