कानपुरउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर: 1 अप्रैल से प्रारंभ होगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान,पढ़े रिपोर्ट

सरसैयाघाट स्थित नवीन सभागार में समीक्षा बैठक, डेंगू प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी के निर्देश

कानपुर नगर। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैयाघाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित समन्वय बैठक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा दस्तक अभियान के प्रभावी संचालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों को अभियान को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक तथा दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और फील्ड स्तर पर गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

डेंगू एवं मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में नियमित फील्ड मॉनिटरिंग के निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पूर्व में डेंगू एवं मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। सभी एमओआईसी, नगर निगम और नगर पालिका क्षेत्रों के अधिकारी नियमित भ्रमण करें तथा टीमों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा करें। खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत और एमओआईसी द्वारा प्रतिदिन किए जा रहे कार्यों की निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी एमओआईसी अपना मुख्यालय न छोड़े और अपने क्षेत्र में अभियान की निगरानी पूरी जिम्मेदारी से करें।

स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रचार सामग्री और विद्यालयों से समन्वय

जिलाधिकारी ने मलेरिया और अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों एवं उपकेंद्रों पर आवश्यक प्रचार-प्रसार सामग्री उपलब्ध कराने और उसका प्रभावी प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने एमओआईसी को शिक्षकों के साथ समन्वय बैठक कर अभियान की जानकारी विद्यालय स्तर तक पहुंचाने को कहा। अभियान में सहयोग न करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश जिला मलेरिया अधिकारी को दिए गए।

नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील

जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनें, नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करें, घर और आसपास पानी जमा न होने दें, स्वच्छ पेयजल का ही उपयोग करें तथा भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ अवश्य धोएं। शौच के लिए शौचालय का ही प्रयोग करें।

स्वस्थ व्यवहार अपनाना है, संचारी रोगों को हराना है

जनजागरूकता के लिए जिलाधिकारी ने संदेश दिया कि स्वस्थ व्यवहार अपनाना है, संचारी रोगों को हराना है। उन्होंने बताया कि संचारी रोगों से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-180-5145 पर संपर्क किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को जनभागीदारी के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़े-  कानपुर : नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित, दिखा खुशी का माहौल

Related Articles

AD
Back to top button