कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

पुखरायां में गूंजा ‘सशक्त नारी, सशक्त देश’ का नारा: महाविद्यालय ने निकाली विशाल जन जागरूकता यात्रा

भाजपा जिला अध्यक्ष रेणुका सचान और प्रबंधक श्रीप्रकाश द्विवेदी ने किया नेतृत्व।

कानपुर देहात के पुखरायां कस्बे में नारी शक्ति के सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशाल पदयात्रा का आयोजन किया गया। रामस्वरूप ग्राम उद्योग परास्नातक महाविद्यालय द्वारा आयोजित इस पदयात्रा में एनसीसी और एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व को जन-जन तक पहुंचाया।

प्रमुख मार्गों से गुजरी जागरूकता यात्रा

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर से हुआ, जिसकी मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष रेणुका सचान रहीं। पदयात्रा सुआ बाबा मंदिर, नेतराम गली, मौहर देवी मंदिर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होते हुए पुखरायां रेलवे स्टेशन पहुंची। इस दौरान विद्यार्थियों के हाथों में ‘नारी का सम्मान, देश का स्वाभिमान’ और ‘सशक्त नारी, सशक्त देश’ जैसे प्रेरक स्लोगन लिखी पट्टिकाएं थीं। पूरा कस्बा वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों से गुंजायमान हो उठा।

अधिकारों के लिए शिक्षा है अनिवार्य: रेणुका सचान

यात्रा के समापन पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए रेणुका सचान ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में एक शिक्षित समाज की भूमिका सर्वोपरि होती है। उन्होंने छात्राओं से अपनी शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने और अपने अधिकारों के लिए सजग रहने का आह्वान किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर हरीश कुमार सिंह ने भारत सरकार के नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति आभार जताते हुए कहा कि छात्राओं को अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करनी चाहिए।

ये भी पढ़े- कानपुर देहात के अफसरों को सख्त हिदायत: छुट्टी के दिन मुख्यालय छोड़ने पर गिरेगी गाज

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button