कानपुर देहात में युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में की आत्महत्या,पंखे के कुंडे के सहारे लटका मिला शव
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

कानपुर देहात के शिवली कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है।यहां हथिका गांव में एक 20 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।मृतक की पहचान सुरेश के पुत्र अखिलेश के रूप में हुई है।सुरेश गांव में चाय समोसे की दुकान चलाता था।अखिलेश भी दुकान में अपने पिता का हाथ बटाता था।मृतक अखिलेश के पिता सुरेश ने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब 10.30 बजे अखिलेश दुकान बंद कर घर लौटा।
उसने अपनी भाभी से चाय बनाने को कहा और पूजा करने के लिए मकान की दूसरी मंजिल पर चला गया।।काफी देर तक जब वह नीचे नहीं आया तो सुरेश उसे बुलाने के लिए छत पर पहुंचे।कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।कई बार आवाज देने पर भी जब अखिलेश ने दरवाजा नहीं खोला तो सुरेश ने आस पास से झांककर देखा तो कमरे में पंखे के कुंडे से अंगौछे के सहारे उसका शव लटका हुआ था।घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया।परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की।जिसके बाद चौकी प्रभारी भाऊपुर सोमवीर ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की जांच की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात में जनगणना 2027 का शंखनाद, जिलाधिकारी ने किया प्रशिक्षण का आगाज़



