कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

अकबरपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही: फायरिंग कर दहशत फैलाने वाला शातिर अभियुक्त गिरफ्तार

पूर्व प्रधान की कार तोड़ने और युवक को जख्मी करने वाला वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

कानपुर देहात। जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत अकबरपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने गांव में फायरिंग कर दहशत फैलाने और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

अवैध असलहों से फायरिंग और तोड़फोड़ का मामला

बीते 21 अप्रैल 2026 को ग्राम कचनार बगिया निवासी अतरसिंह ने थाना अकबरपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 अप्रैल की रात करीब 09:30 बजे गांव के ही अनुज यादव, आलोक यादव, अनमोल, रजत और चंद्रपाल ने एक राय होकर अवैध कट्टों और असलहों के साथ उनके दरवाजे पर हमला बोला था। आरोपियों ने पूर्व प्रधान हेमेंद्र उर्फ पिंटू की कार में तोड़फोड़ की और ताबड़तोड़ फायरिंग की जिससे मोनू उर्फ तेजबीर के चेहरे पर गंभीर चोट आई थी। शोर मचने और ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

घेराबंदी कर दबोचा गया नामजद अभियुक्त

अकबरपुर थाना पुलिस की टीम माल और मुल्जिमान की तलाश में सक्रिय थी। इसी क्रम में शुक्रवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने कचनार बगिया ज्योतिष तिराहे के पास घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से वांछित अभियुक्त आलोक यादव पुत्र स्व. रामकृपाल यादव को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्त को वैधानिक कार्यवाही के उपरांत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

अपराध की दुनिया में पुराना नाम है आलोक

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त आलोक यादव एक शातिर किस्म का अपराधी है। उस पर थाना अकबरपुर में पहले से ही हत्या के प्रयास (307), मारपीट और अवैध शस्त्र रखने (आर्म्स एक्ट) जैसे करीब आधा दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Related Articles

AD
Back to top button