सत्येंद्र सिंह स्मारक इंटर कॉलेज के छात्र का कमाल,बारहवीं बोर्ड परिणाम के मात्र 12 दिन बाद भारतीय थल सेना में चयन
सोमवार को भारतीय थल सेना की रिलेशन भर्ती की फाइनल मेरिट सूची जारी की गई, जिसमें सिमरामऊ स्थित सत्येंद्र सिंह स्मारक इंटर कॉलेज के लिए गर्व का क्षण सामने आया

कानपुर देहात। सोमवार को भारतीय थल सेना की रिलेशन भर्ती की फाइनल मेरिट सूची जारी की गई, जिसमें सिमरामऊ स्थित सत्येंद्र सिंह स्मारक इंटर कॉलेज के लिए गर्व का क्षण सामने आया। विद्यालय के बारहवीं (2025–26) बैच के मेधावी छात्र अमित सिंह राजावत, पुत्र स्वर्गीय सूर्यपाल, का चयन भारतीय थल सेना में हुआ है। यह उपलब्धि इसलिए और भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि अमित सिंह राजावत का चयन बारहवीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित होने के मात्र 12 दिन के भीतर ही हो गया। इतनी कम अवधि में इस स्तर की सफलता प्राप्त करना उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण है। विद्यालय के प्रधानाचार्य गौरव सिंह सहित समस्त शिक्षकगण इस उपलब्धि से अत्यंत गौरवान्वित और प्रसन्न हैं। उन्होंने छात्र की इस सफलता को विद्यालय के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपनी इस सफलता की खुशी साझा करने के लिए अमित सिंह राजावत अपने मित्रों वैभव बाथम एवं वंश सिंह गौर के साथ विद्यालय पहुंचे। उन्होंने सभी शिक्षकों को लड्डू खिलाकर खुशी जाहिर की तथा आभार स्वरूप स्मृति-चिन्ह (फ्रेम) भेंट किया। इस अवसर पर विद्यालय का माहौल उत्साह और गर्व से भर गया।



