अनुदेशकों को सीएम योगी की बड़ी सौगात: मानदेय 9 हजार से बढ़कर हुआ 17,000; कल लखनऊ के लोक भवन में होगा भव्य सम्मान समारोह!
उत्तर प्रदेश के बुनियादी शिक्षा ढांचे को मजबूत करने में अपना अमूल्य योगदान देने वाले उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों के लिए रविवार का दिन बेहद खास होने जा रहा है। राजधानी लखनऊ के लोक भवन स्थित मुख्य सभागार में 17 मई 2026 को शाम 5:00 बजे से भव्य अंशकालिक अनुदेशक सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा

लखनऊ/कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के बुनियादी शिक्षा ढांचे को मजबूत करने में अपना अमूल्य योगदान देने वाले उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों के लिए रविवार का दिन बेहद खास होने जा रहा है। राजधानी लखनऊ के लोक भवन स्थित मुख्य सभागार में 17 मई 2026 को शाम 5:00 बजे से भव्य अंशकालिक अनुदेशक सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा। स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी द्वारा जारी पत्र के अनुसार शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत आयोजित होने वाले इस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शासन ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। इस समारोह का सबसे मुख्य आकर्षण अनुदेशकों के मानदेय में की गई वृद्धि होगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा 10 चयनित अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय से संबंधित प्रतीकात्मक चेक सौंपे जाएंगे। इसके साथ ही बेसिक शिक्षा क्षेत्र में अनुदेशकों के योगदान और शिक्षा विभाग की हालिया उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 1 घंटे का होगा इस कार्यक्रम का प्रसारण सभी जनपदों में एक साथ किया जाएगा। सभी जनपदों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को इस बाबत आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं। सभी जनपदों में अंशकालिक अनुदेशक सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
वर्तमान में पूरे प्रदेश में 24296 अनुदेशक कार्यरत हैं। जनपद स्तर पर इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कानपुर देहात के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा ने जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों, जिला समन्वयकों, एसआरजी, एआरपी को ईको पार्क माती में सहयोग हेतु प्रतिभाग करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम में प्रत्येक विकासखंड से 200 शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशकों को अनिवार्य रूप से प्रतिभाग कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में कानपुर देहात के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में केवल 196 अनुदेशक कार्यरत हैं। यह सम्मान समारोह हाल ही में अनुदेशकों का मानदेय ₹9000 से बढ़ाकर ₹17000 किए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मानदेय वृद्धि के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया जाएगा।



