स्मार्ट पुलिसिंग की तरफ बढ़े कदम, कानपुर देहात पुलिस कार्यालय परिसर में हुआ भव्य भूमि पूजन
कप्तान श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने रखी नए भवनों की नींव, अत्याधुनिक कंट्रोल रूम और महिला सेल से बदलेगी तस्वीर

कानपुर देहात। जनपद की कानून व्यवस्था और पुलिसिंग को स्मार्ट व आधुनिक बनाने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया। पुलिस कार्यालय परिसर में विभिन्न विभागों के प्रस्तावित निर्माण कार्यों का पूरे विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस नए निर्माण का उद्देश्य पुलिस प्रशासन को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करना और आम जनता को त्वरित न्याय व सहायता पहुंचाना है।
नए आधुनिक कंट्रोल रूम और आईजीआरएस सेल से सुधरेगा रिस्पॉन्स टाइम
भूमि पूजन के इस विशेष अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि इन नए निर्माण कार्यों से जिले के पुलिस ढांचे में क्रांतिकारी बदलाव आएगा। परिसर में नए स्टोर, अत्याधुनिक कन्ट्रोल रूम, आईजीआरएस (जनसुनवाई) सेल, डीसीआरबी (जिला अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो) सेल, महिला सेल और एक भव्य कान्फ्रेंस रूम का निर्माण किया जा रहा है।
नया कन्ट्रोल रूम बनने से आपातकालीन सेवाओं का रिस्पॉन्स टाइम काफी बेहतर होगा, जिससे संकट के समय जनता को तुरंत मदद मिल सकेगी। वहीं, आईजीआरएस और डीसीआरबी सेल के नए स्वरूप से आम लोगों की शिकायतों का तय समय सीमा में निपटारा हो सकेगा और अपराधियों के रिकॉर्ड का प्रबंधन अधिक डिजिटल और सटीक तरीके से किया जा सकेगा।
महिला सेल का होगा विस्तार, सुरक्षित और सहज माहौल में होगी सुनवाई
महिला सेल के विस्तार को लेकर पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से रेखांकित किया कि इससे महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े मामलों को अधिक संवेदनशीलता और बेहतर सुविधाओं के साथ डील किया जा सकेगा। पीड़ित महिलाओं को एक सुरक्षित और सहज माहौल मिलेगा। इसके साथ ही नए कान्फ्रेंस रूम के बन जाने से पुलिस कर्मियों के नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रमों और महत्वपूर्ण बैठकों को सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जा सकेगा।
इस गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को कानपुर देहात पुलिसिंग के एक नए युग की शुरुआत बताया।
ये भी पढे- कानपुर देहात: राजपुर में डेढ़ वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत



